Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

महाराष्ट्र : संभाजीनगर में महिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को वाहन से कुचलने की कोशिश

मुंबई, नौ जून (भाषा) महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में छापेमारी के दौरान गुटखा माफिया के कथित गुर्गों ने एक महिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को वाहन से कुचलने की कोशिश की। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) के मंत्री नरहरी झिरवाल ने गुटखे के अवैध कारोबार के खिलाफ सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान हुई इस घटना की निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, जिले में तंबाकू के अवैध व्यापार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान संदिग्ध गुटखा माफिया के गुर्गों ने महिला अधिकारी को निशाना बनाया।

बयान में कहा गया कि जब अधिकारी अपने सरकारी कर्तव्यों का निर्वहन कर रही थीं, तब उन्हें कथित रूप से जान से मारने के इरादे से एक वाहन उनकी ओर दौड़ाया गया।

झिरवाल ने महिला अधिकारी से फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

एफडीए विभाग के मंत्री ने कहा, ‘‘अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर सरकार और प्रशासन बेहद गंभीर हैं। पूरा प्रशासन महिला अधिकारी के साथ मजबूती से खड़ा है।’’

उन्होंने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान सरकारी अधिकारियों पर हमला करने वालों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

झिरवाल ने कहा कि पुलिस और एफडीए अधिकारियों को आरोपियों तथा इस घटना से जुड़े कथित गुटखा माफिया के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि एफडीए ने हाल के सप्ताहों में महाराष्ट्र में अवैध गुटखा और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज किया है, जिसके तहत कई अवैध कारोबारों पर कार्रवाई की गई है।

मंत्री ने कहा कि प्रवर्तन अभियानों में बाधा डालने की असामाजिक तत्वों की कोशिशें सरकार को लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने से नहीं रोक पाएंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार कानून का राज कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र सरकार ने गुटखे के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध लगा रखा है।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश