Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

कमजोर डॉलर की वजह से सोना 1,500 रुपये मजबूत, चांदी स्थिर

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को कमजोर डॉलर और धारणा में सुधार के कारण सोने की कीमतों में 1,500 रुपये की मजबूती देखी गई और यह फिर से 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर के पार पहुंच गया।

स्थानीय बाजार के जानकारों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार के 1,58,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव से 1,500 रुपये बढ़कर 1,60,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई।

यह बढ़त तब हुई जब वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतें कम थीं। जानकारों का मानना ​​है कि घरेलू कीमतों में यह उछाल कमजोर डॉलर और निवेशकों की नई दिलचस्पी के कारण आया है।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस), सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘मंगलवार को सोने की कीमतों में उछाल आया, जिसे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और कमजोर डॉलर व बॉन्ड प्रतिफल में आई गिरावट से सहारा मिला।’’

हालांकि, चांदी की कीमतें 2,55,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं।

उन्होंने कहा कि ईरान और इजराइल के एक-दूसरे पर हमले रोकने पर सहमत होने के बाद बाजार का मूड सुधरा, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों से औपचारिक युद्धविराम की दिशा में प्रगति के संकेत मिले, जिससे इस विवाद के कूटनीतिक समाधान की उम्मीदें बढ़ीं।

गांधी ने कहा, ‘‘भू-राजनीतिक तनाव कम होने से ऊर्जा की वजह से होने वाली महंगाई को लेकर चिंताएं कम हुईं, जिससे हालिया गिरावट के बाद कीमती धातुओं को सहारा मिला।’’

गांधी ने कहा, ‘‘हालांकि, सुधार सीमित रहा क्योंकि निवेशक अमेरिकी मौद्रिक नीति के भविष्य पर विचार करते रहे।’’

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना मामूली रूप से गिरकर 4,326.78 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी 68.28 डॉलर प्रति औंस पर थोड़ी ऊपर मजबूत हुई।

मिराए एसेट शेयरखान के प्रमुख-जिंस प्रवीण सिंह ने कहा कि हाजिर सोना 4,330 डॉलर प्रति औंस के स्तर के आसपास नीचे कारोबार कर रहा है क्योंकि व्यापारी पश्चिम एशिया की स्थिति के बारे में और संकेतों का इंतजार कर रहे हैं।

इस बीच, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ एक बेहतर समझौता जल्द ही होने वाला है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय