इंफाल, नौ जून (भाषा) मणिपुर के सेनापति जिले में सशस्त्र समूहों द्वारा करीब एक महीने पहले अपहृत किए गए 14 कुकी बंधकों को मंगलवार को मुक्त कर दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इन 14 लोगों का 13 मई को कांगपोकपी जिले में घात लगाकर किए गए हमले में गिरजाघर के तीन नेताओं की हत्या के बाद अपहरण कर लिया गया था। मणिपुर में नगा समुदाय के शीर्ष निकाय ‘यूनाइटेड नगा काउंसिल’ (यूएनसी) और सेनापति जिले के अन्य नागरिक समाज संगठनों के प्रयासों से इन्हें मुक्त कराने में मदद मिली।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इन सभी को पुलिस और सुरक्षा बलों की मौजूदगी में सेनापति जिला मुख्यालय में सकुशल मुक्त कर दिया गया।’’
यूएनसी के अध्यक्ष एनजी लोरहो ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों, गिरजाघर संगठनों तथा शीर्ष जनजातीय संगठन की अपील के बाद बंधकों को मुक्त किया गया।
भाषा
सिम्मी दिलीप
दिलीप