डायमंड हार्बर (पश्चिम बंगाल), नौ जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता जहांगीर खान को यहां की एक अदालत ने पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। खान को “वसूली” और अन्य आरोपों में गिरफ्तार किया गया था।
खान को सोमवार को उत्तरी बंगाल के पानीटंकी इलाके में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ़्तार किया गया था। खान ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में फाल्टा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होने से कुछ दिन पहले से ही खान को दक्षिण 24 परगना ज़िले के उनके निर्वाचन क्षेत्र में नहीं देखा गया था।
डायमंड हार्बर की एक अदालत ने सरकारी पक्ष की अपील पर, फाल्टा पुलिस थाने में खान के खिलाफ दर्ज सात प्राथमिकियों के सिलसिले में उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 26 मई को खान को मिला अंतरिम संरक्षण हटा दिया था। खान के खिलाफ दक्षिण 24 परगना ज़िले के फाल्टा पुलिस थाने में सात प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।
उच्च न्यायालय ने 18 मई को दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा दी थी, ताकि खान 21 मई को फाल्टा में दोबारा मतदान में हिस्सा ले सकें। फाल्टा में हुए चुनाव के नतीजे 24 मई को घोषित किए गए।
खान ने हालांकि पुन:चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने और उसके लिए प्रचार करने के वास्ते 18 मई को उच्च न्यायालय से अंतरिम सुरक्षा की मांग की थी और वह उसे मिल भी गई थी, लेकिन ठीक अगले ही दिन उसने सार्वजनिक रूप से चुनाव से हटने की घोषणा कर दी।
खान को भारी पुलिस और केंद्रीय बल की तैनाती के बीच अदालत में पेश किया गया। लोगों के विरोध-प्रदर्शन की आशंका थी, क्योंकि इससे पहले उन्होंने फाल्टा में टीएमसी नेता के पार्टी कार्यालय पर अपना गुस्सा निकाला था।
आम लोगों को उस अदालत कक्ष में जाने की इजाजत नहीं थी, जहां खान को न्यायाधीश के सामने पेश किया गया था।
डायमंड हार्बर कोर्ट बार एसोसिएशन के वकीलों ने चूंकि खान का पक्ष नहीं रखा, इसलिए न्यायाधीश ने आरोपी की ओर से केस लड़ने के वास्ते एक वकील नियुक्त किया।
भाषा
प्रशांत दिलीप
दिलीप