Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत के अमीर से फोन पर बातचीत की, पश्चिम एशिया की स्थिति पर हुई चर्चा

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल सबाह से फोन पर बातचीत की और पश्चिम एशिया में उभरती सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की तथा क्षेत्र में शीघ्र शांति बहाली के लिए तनाव घटाने और कूटनीति पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने पर गहरी चिंता व्यक्त की तथा कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हमलों को लेकर भारत की कड़ी निंदा को दोहराया।

बयान के अनुसार, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल सबाह से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में उभरती सुरक्षा स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री ने शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए तनाव घटाने तथा संवाद और कूटनीति का उपयोग करने की अपील को दोहराया।’’

मोदी ने कुवैत में बड़ी संख्या में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों की सुरक्षा के लिए अमीर द्वारा व्यक्तिगत रूप से ध्यान दिए जाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

दोनों नेताओं की यह बातचीत, 3 जून को कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए ईरानी हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत होने के कुछ दिनों बाद हुई है। यह हमला इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुआ था।

इससे पहले, 30 मार्च को कुवैत में एक विद्युत और जल विलवणीकरण संयंत्र पर ईरानी हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप