Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

कर्नाटक: मादक पदार्थ खिलाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, 10 लोग गिरफ्तार

दावणगेरे, नौ जून (भाषा) कर्नाटक के दावणगेरे में 41 वर्षीय महिला को कथित तौर पर मादक पदार्थ खिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना तीन जून की शाम को बसवापटना थाना क्षेत्र के एक गांव में घटी।

पुलिस ने बताया हालांकि मामला आठ जून को तब सामने आया, जब आरोपियों द्वारा कथित तौर पर रिकॉर्ड किया गया महिला का एक वीडियो विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में साझा किए जाने के बाद 'वायरल' हो गया।

पुलिस के मुताबिक, महिला की शिकायत के बाद प्राथमिकी में नामजद सभी 10 लोगों को इस घटना के संबंध में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि घटना वाली शाम को घरेलू झगड़े के बाद जब वह अपने गांव की ओर जा रही थी तब दो पुरुषों ने मदद के बहाने उससे बात की।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पीड़िता को एक शीतल पेय कथित तौर पर दिया, जिसमें बेहोशी की दवा मिली हुई थी और इसे पीकर वह बेहोश हो गई।

उन्होंने बताया कि पीड़िता को बाद में गांव के बाहरी इलाके में एक सुनसान खेत में ले जाया गया, जहां पुरुषों का एक समूह मौजूद था।

पुलिस ने बताया कि महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसका यौन उत्पीड़न किया और नशे की हालत में उसकी तस्वीरें खींची व वीडियो भी बनाए।

ग्रामीणों द्वारा वीडियो वायरल होने की जानकारी दिए जाने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक शेखर एचटी ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 70 (सामूहिक दुष्कर्म), 77(निजता का उल्लंघन) और 190 (अवैध जमावड़े का प्रत्येक सदस्य सामान्य उद्देश्य की पूर्ति में किए गए अपराध का दोषी) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया, “हमने सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।”

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश