Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

झारखंड: पलामू में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के मुख्य आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण किया

मेदिनीनगर, नौ जून (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में 23 वर्षीय एक युवक की हत्या के मुख्य आरोपी ने मंगलवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी मंटू सिंह घटना के दिन 23 मई से ही फरार चल रहा था। इस मामले में उसके खिलाफ हत्या और आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि पड़ोसी से विवाद के कारण सुशीला कुंवर अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करवा रही थीं, तभी राजेंद्र सिंह और उनके रिश्तेदारों ने कथित तौर पर उसकी चारदीवारी को तोड़ दिया।

इसी झड़प के दौरान कुंवर के रिश्तेदार सिकंदर चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए थे।

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और नामजद 17 लोगों समेत कुल 42 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नामजद 17 आरोपियों में से दो को पुलिस ने 24 मई को गांव में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार कर लिया था।

पलामू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, 'मंटू सिंह इस मामले का मुख्य आरोपी है। उसने आज सत्र अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस हत्या से जुड़े तथ्यों और सबूतों को जुटाने के लिए उसे रिमांड पर लेगी। आरोप है कि घटना के दिन उसी ने मौके पर गोलीबारी शुरू की थी।'

उन्होंने कहा कि पुलिस फरार चल रहे बाकी 14 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और उसनं अपने प्रयास तेज कर दिए हैं।

भाषा सुमित माधव

माधव