Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

कर्नाटक: किसान ने विधान सौध परिसर में आत्महत्या की कोशिश की

बेंगलुरु, नौ जून (भाषा) कर्नाटक के चिक्कमगलुरु जिले के एक किसान ने मंगलवार दोपहर यहां विधान सौध परिसर में एक पेड़ से फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या करने का प्रयास किया।

हालांकि, पुलिस के समय पर हस्तक्षेप से उसकी जान बच गई।

पुलिस के अनुसार, चिक्कमगलुरु जिले के हालीयूर गांव निवासी विषु कुमार ने विधान सौध परिसर में एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।

सूत्रों ने बताया कि इससे पहले भी वर्ष 2025 में उसने अपनी जमीन के अधिग्रहण के बदले मुआवजा नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए विधान सौध परिसर में एक पेड़ काटने का प्रयास किया था।

मंगलवार को वह फिर उसी पेड़ के पास पहुंचा और हरे रंग के गमछे की मदद से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।

वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसकी गतिविधियां देख लीं और तुरंत उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

विषु कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि उसकी जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है, लेकिन अब तक उसे मुआवजा नहीं मिला है।

उसने कहा, ‘‘अदालत ने चिक्कमगलुरु के उपायुक्त को चार सप्ताह के भीतर मामले का निपटारा कर मुआवजा देने का निर्देश दिया था।’’

कुमार ने आरोप लगाया, ‘‘तीन महीने बीत जाने के बाद भी हमें कोई मुआवजा नहीं मिला है। मैंने चंदन के पेड़ लगाए हैं। यदि वे मेरी जमीन अधिग्रहित करने के लिए पेड़ काटना चाहते हैं तो उन्हें नोटिस जारी करना चाहिए, लेकिन न तो निर्देशों का पालन किया गया और न ही कोई जानकारी दी जा रही है।’’

भाषा

राखी वैभव

वैभव