Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

मोदी सरकार के 12 साल पूरे; शाह ने कल्याणकारी, अवसंरचना संबंधी उपलब्धियों की सराहना की

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) नरेन्द्र मोदी नीत सरकार के मंगलवार को 12 साल पूरे होने पर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को एक साथ साकार होते देखा है।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने अथक परिश्रम से इन 12 वर्षों में एक भी दिन अवकाश लिए बिना देश और देशवासियों की सेवा की है।

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी के नेतृत्व में इन 12 वर्षों में देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को समांतर रूप से चरितार्थ होते देखा है।’’

गृह मंत्री ने 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्का घर, 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, 10 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन प्रदान करने का उल्लेख किया।

उन्होंने देशभर में 90 से अधिक हवाई अड्डे और 140 से अधिक वंदे भारत ट्रेन शुरू किये जाने के अलावा 1.45 लाख किलोमीटर सड़कें और 3,000 किमी आधुनिक एक्सप्रेसवे के निर्माण का भी उल्लेख किया।

भारत की आर्थिक वृद्धि का हवाला देते हुए शाह ने कहा कि देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है।

गृह मंत्री ने कहा, ‘‘मोदी जी ने अपने अथक परिश्रम से इन 12 वर्षों में एक भी दिन अवकाश लिए बिना देश और देशवासियों की सेवा की है।’’

उन्होंने कहा कि ऐसा परिवर्तन तभी संभव होता है, जब नेतृत्व की नीयत साफ हो, लक्ष्य राष्ट्रहित हो और पूर्ण समर्पण हो।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों में एक और निर्णायक जीत के बाद, मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी।

उन्होंने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उनका दूसरा कार्यकाल 30 मई 2019 को शुरू हुआ था।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप