Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

राजस्थान: बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सीजेरियन प्रसव के बाद छह महिलाओं की तबीयत बिगड़ी

बीकानेर, नौ जून (भाषा) राजस्थान के बीकानेर स्थित प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल (पीबीएम) अस्पताल में सीजेरियन प्रसव के बाद छह प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक समिति गठित की गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इनमें से कई महिलाओं को गुर्दे संबंधी समस्याएं हुईं, जिसके बाद प्रशासन ने जांच समिति गठित की है। सभी मरीजों को आईसीयू में भर्ती कर निगरानी की जा रही है।

जांच समिति में शामिल सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि कुछ महिलाओं को प्रसव के बाद स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं हुईं और वे विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचाराधीन हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच समिति बनाई गई है। सही कारण रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। हमारी प्राथमिकता सभी मरीजों का उचित इलाज और स्वस्थ्य लाभ सुनिश्चित करना है।’’

अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने कहा कि मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है। गुर्दा, स्त्री रोग और मेडिसिन विभाग की टीमें मिलकर इलाज कर रही हैं। कुछ मरीजों को डायलिसिस की आवश्यकता पड़ी, जो नियमित रूप से किया जा रहा है।

गुर्दा रोग विभाग के प्रोफेसर जितेंद्र फलोदिया ने बताया कि मरीज विशेषज्ञों देखरेख में हैं और आवश्यक चिकित्सीय सहायता दी जा रही है।

इस बीच, मरीजों के परिजनों ने चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि प्रसव के बाद शुरू में स्थिर दिखने के बाद महिलाओं की हालत अचानक बिगड़ गई।

एक रिश्तेदार लेखराम ने बताया, ‘‘प्रसव के बाद वे सामान्य थीं, लेकिन बाद में मूत्र संबंधी और अन्य समस्याएं शुरू हो गईं। डॉक्टर इलाज कर रहे हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि निष्पक्ष जांच हो ताकि असली कारण सामने आए और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।’’

एक अन्य परिजन जुबैदा ने भी अचानक बिगड़ी हालत पर चिंता व्यक्त की।

अधिकारियों ने बताया कि जांच की जा रही है और सटीक कारण रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल सभी मरीज आईसीयू और विशेष वार्डों में उपचाराधीन हैं।

भाषा बाकोलिया धीरज

धीरज