Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

ओडिशाः मलकनगिरी में माओवादियों के ठिकाने से हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद

मलकानगिरी (ओडिशा), नौ जून (भाषा) सुरक्षा बलों ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्र में माओवादियों के एक गुप्त ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, उपकरण और अन्य सामान बरामद किया। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मलकानगिरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद पाटिल ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर जिला स्वैच्छिक बल (डीवीएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने मंगलवार सुबह मैथिली थाना क्षेत्र के किरमिती और कटुआपदार के वन क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। यह क्षेत्र ओडिशा-छत्तीसगढ़ की सीमा पर बस्तर जिले के दुर्वा थाना क्षेत्र से सटा हुआ है।

एसपी ने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार, आईईडी, ग्रेनेड और अन्य सामान बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए सामान में एक इंसास लाइट मशीन गन (एलएमजी), दो इंसास राइफल, दो टिफिन बम, आठ किलोग्राम आईईडी, एक ग्रेनेड, एक एके मैगजीन, गन पाउडर, बैटरी और एक इलेक्ट्रिक डेटोनेटर शामिल हैं।

ऐसा संदेह है कि ये विस्फोटक और अन्य सामग्रियां माओवादी कैडर के लिए थीं जिनका उद्देश्य निर्दोष नागरिकों और सुरक्षा बलों के खिलाफ इस्तेमाल करना और अपनी विनाशकारी गतिविधियों को अंजाम देना था।

भाषा पवनेश

पवनेश