Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस स्मार्ट मीटर कंपनी इंटेलिस्मार्ट का 3,050 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) निजी क्षेत्र की प्रमुख बिजली पारेषण कंपनी अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लि. ने 3,050 करोड़ रुपये में स्मार्ट मीटर कंपनी इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लि. में शत-प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए शेयर खरीद समझौता किया है।

स्मार्ट मीटर के क्षेत्र में अग्रणी इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर, नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड (एआईआईएफ) और एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) की एक संयुक्त उद्यम है।

अदाणी एनर्जी ने मंगलवार को बयान में कहा कि कंपनी ने इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर में 100 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एक पक्का समझौता किया है।

इस प्रस्तावित अधिग्रहण से अदाणी एनर्जी सोल्यूशंस लि. की स्थिति और मजबूत होगी और यह 4.7 करोड़ से अधिक स्मार्ट मीटर के साथ देश की सबसे बड़ा स्मार्ट मीटर कंपनी बन जाएगी।

बयान के अनुसार 3,050 करोड़ रुपये के इस प्रस्तावित सौदे में इंटेलिस्मार्ट की 100 प्रतिशत इक्विटी शेयर पूंजी का अधिग्रहण और एनआईआईएफ के पास मौजूद इंटेलिस्मार्ट के वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय डिबेंचर का भुगतान शामिल है।

यह सौदा नियामकीय और अन्य जरूरी मंजूरियों पर निर्भर है।

इंटेलिस्मार्ट स्मार्ट मीटर क्षेत्र की प्रमुख कंपनी है। कंपनी ने उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और असम में कुल 2.2 करोड़ से अधिक स्मार्ट मीटर लगाये हैं।

तेजी से बढ़ते उपभोक्ता बाजार में इंटेलिस्मार्ट की मौजूदगी भविष्य में विस्तार के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करती है।

एईएसएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कंदर्प पटेल ने बयान में कहा, ‘‘इंटेलिस्मार्ट के अधिग्रहण से हमारा दायरा और काम करने की क्षमता बढ़ जाएगी। इससे हम प्रौद्योगिकी-आधारित समाधानों के जरिये भारत के बिजली वितरण के आधुनिकीकरण में मदद कर सकते हैं।’’

कंपनी के अनुसार, इस अधिग्रहण से बड़े पैमाने पर काम करने का लाभ, परिचालन और रखरखाव की लागत को बेहतर बनाने और एईएसएल के व्यापक ऊर्जा और बुनियादी ढांचा मंच के साथ एकीकरण से फायदे मिलेंगे।

इंटेलिस्मार्ट के प्रबंध निदेशक और सीईओ अनिल रावल ने कहा, ‘‘कंपनी को इस अहम सौदे का हिस्सा बनने पर गर्व है। कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए मूल्य सृजित किया है।’’

भाषा अजय

अजय