Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

दिल्ली : फैक्ट्री में सहकर्मी की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने गांधी नगर इलाके की एक कपड़ा फैक्ट्री में हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले में 27 वर्षीय आरोपी को उत्तम नगर से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि गांधी नगर थाने की पुलिस ने आरोपी अरबाज़ की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी कैंची और अपराध के समय उसके द्वारा पहने गए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, चार जून की रात गांधी नगर के रघुवरपुरा-द्वितीय स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में शराब पीने के दौरान मजदूरों के बीच झगड़ा हुआ था और इसी दौरान अरबाज़ ने कथित तौर पर टाइगर नाम के एक मजदूर पर हमला किया और फिर कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति को कैंची घोंप दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि बाद में अस्पताल में टाइगर की मौत हो गई।

डीसीपी ने बताया कि चश्मदीदों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने सात जून को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

डीसीपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ लिया।

उनके मुताबिक, दक्षिण दिल्ली के संगम विहार निवासी अरबाज़ का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि पृष्ठभूमि की जांच में पता चला कि वह किशोर अवस्था के दौरान 2019 में संगम विहार थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में भी शामिल था। पुलिस ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान तान्या मनीषा वैभव

वैभव