Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित

तिरुवनंतपुरम, नौ जून (भाषा) केरल के कई हिस्सों में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे विशेष रूप से राज्य के उत्तरी जिलों में व्यापक जलभराव की स्थिति पैदा हो गई और कुछ क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय है। रातभर हुई मूसलाधार बारिश से कोझिकोड जिले के शहरी और पहाड़ी दोनों क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ।

टेलीविजन चैनलों के दृश्यों में कोझिकोड शहर के कई हिस्सों, विशेषकर बीच रोड क्षेत्र में सड़कों पर जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति दिखाई दी। इससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।

त्रिशूर जिले में संभावित भूस्खलन की आशंका के मद्देनजर अधिकारियों ने मट्टाथुर ग्राम पंचायत के अरेश्वरम क्षेत्र से पांच परिवारों को स्थानीय सरकारी विद्यालय में बनाए गए राहत शिविर में स्थानांतरित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह अचानक आई तेज हवाओं के कारण त्रिशूर जिले के कुछ हिस्सों में पेड़ उखड़ गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सुबह करीब पौने नौ बजे विल्वट्टम, नदथारा और पूचट्टी सहित अन्य क्षेत्रों में चक्रवाती हवाएं चलीं जिससे कई पेड़ उखड़ गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, उखड़े हुए पेड़ स्कूल के पार्किंग क्षेत्र में गिर गए, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि घटना के समय स्कूल पहुंच रहे छात्र बाल बाल बच गए।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ मध्यम वर्षा और 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

अधिकारियों ने लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए संवेदनशील और जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

भाषा

मनीषा

मनीषा