Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

क्यूबा के तट पर 6.1 तीव्रता का भूकंप आया; फ्लोरिडा में भी झटके महसूस हुए

हवाना, नौ जून (एपी) क्यूबा के पश्चिमी हिस्से में सोमवार को भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 6.1 मापी गयी। भूकंप के कारण यहां इमारतें हिल गईं और इसके झटके फ्लोरिडा तक महसूस किए गए।

भूकंप के कारण तत्काल किसी के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र हवाना के पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई पर समुद्र में था।

पश्चिमी क्यूबा के पिनार डेल रियो होटल की प्रबंधक फ्लाविया पुपो ने बताया कि भूकंप का झटका इतना शक्तिशाली था कि इमारत हिल गई जिससे लोग घबरा गए।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां सब ठीक हैं। सड़क पर लोग थोड़े डरे और घबराए हुए हैं।’’

भूकंप के झटके अमेरिका के फ्लोरिडा तक महसूस किए गए।

फ्लोरिडा के मियामी स्थित राष्ट्रीय मौसम सेवा ने एक ट्वीट में बताया कि उसे राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में भूकंप के झटके महसूस होने की कई रिपोर्ट मिली हैं। सोमवार दोपहर सोशल मीडिया पर लोगों ने भूकंप से संबंधित कई पोस्ट किए जिससे पता चला कि लोगों ने ऑरलैंडो के उत्तर में भी भूकंप के झटके महसूस किए।

फोर्ट लॉडरडेल के डाउनटाउन में एक लॉ ऑफिस में काम करने वाली मारिया मोनकायो ने बताया कि वह चुपचाप अपनी डेस्क पर काम कर रही थीं, तभी उन्हें कंपन महसूस होने लगा। पहले तो उन्हें लगा कि दूसरे हिस्से में निर्माण कार्य के कारण यह कंपन महसूस हुई होगी लेकिन बाद में उन्हें भूकंप का एहसास हुआ।

भूकंप के कारण कंपन लगभग एक मिनट तक महसूस किया गया।

एपी सुरभि रंजन

रंजन