Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

बागपत में होटल में जहरीला पदार्थ खाने से नाबालिग लड़की की मौत, युवक की हालत गंभीर

बागपत, आठ जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में सोमवार शाम एक होटल में कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने से एक नाबालिग लड़की की मौत हो गई, जबकि उसका कथित प्रेमी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार युवक को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है।

पुलिस ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे बड़ौत कोतवाली क्षेत्र से सूचना मिली कि एक युवक और एक नाबालिग लड़की ने होटल में जहरीला पदार्थ खा लिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 17 वर्षीय सोनी को मृत घोषित कर दिया।

युवक लकी (22) की हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोनी मार्च में लकी के साथ घर से भाग गई थी। इस मामले में सोनी के परिजनों ने बिनौली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर कानूनी कार्रवाई की थी।

बड़ौत के क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंशु जैन ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि दोनों ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया।

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा जांच के बाद ही घटना के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत