Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

ओडिशा सिविल सेवा परीक्षा में ब्लूटूथ ईयरबड का इस्तेमाल करते पकड़ा गया अभ्यर्थी, चार लोग गिरफ्तार

कटक, आठ जून (भाषा) ओडिशा पुलिस ने यहां आयोजित ओडिशा सिविल सेवा (ओसीएस) प्रारंभिक परीक्षा-2025 के दौरान अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह घटना रविवार को अजय विनय इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एबीआईटी) में सामने आई, जब अभिषेक राउत (29) नाम का एक अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान नकल करते हुए पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि परीक्षा देते समय राउत के पास छिपाकर रखा गया ब्लूटूथ ईयरबड और अंतर वस्त्र में छिपाया गया मोबाइल फोन मिला।

निरीक्षक को तब शक हुआ जब उन्होंने उसे बार-बार ज़ोर से सवाल पढ़ते हुए देखा।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला कि उसका मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद तीन साथियों से कनेक्टेड था।

जांच करने वालों के अनुसार, राउत को कथित तौर पर इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन डिवाइस के जरिए जवाब मिल रहे थे।

परीक्षा की निगरानी के दौरान इन गैजेट्स का पता चला और अधिकारियों ने इन्हें जब्त कर लिया।

परीक्षा केंद्र के पर्यवेक्षक की लिखित शिकायत के आधार पर, मरकटनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता , सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 और ओडिशा सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

जांच के दौरान, पुलिस ने परीक्षा अधिकारियों और मामले से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की, जरूरी रिकॉर्ड एकत्र किए और मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए।

पुलिस ने कहा, 'इस घटना के सिलसिले में अभ्यर्थी समेत चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। फोरेंसिक जांच के लिए उनके मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त कर लिए गए हैं।'

भाषा

राखी संतोष

संतोष