कुरुक्षेत्र, आठ जून (भाषा) हरियाणा के कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए स्टेशन पर ही मौजूद थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मालगाड़ी कैथल की ओर से आ रही थी, तभी कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास उसके तीन डिब्बे पटरी से उतर गए।
अधिकारियों ने बताया कि पटरी से उतरने के कारण प्रभावित डिब्बों के पहियों को काफी नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि इनमें से एक डिब्बा रेलवे के बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे 'ओवरहेड' बिजली आपूर्ति प्रणाली बाधित हो गई।
‘ओवरहेड’ बिजली आपूर्ति प्रणाली वह व्यवस्था है जिसके माध्यम से रेलवे की विद्युत चालित ट्रेनों को ऊपर लगे तारों से बिजली दी जाती है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद वरिष्ठ रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव एवं मरम्मत अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि रेलवे कर्मचारियों ने पटरियों और 'ओवरहेड' उपकरण लाइन का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया।
बाद में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पटरी को साफ कर दिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ के तहत एक विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए कुरुक्षेत्र स्टेशन पर मौजूद थे। यह यात्रा गुजरात के सोमनाथ मंदिर पर हुए हुए पहले हमले के 1,000 वर्ष पूरे होने और 1951 में इसके पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है।
सहायक स्टेशन मास्टर यश पाल ने बताया कि इस हादसे के कारण ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम प्लेटफॉर्म संख्या-1 के बजाय प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर स्थानांतरित करना पड़ा।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष