Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

बिहार : भागलपुर के सांसद के आवास में चोरी, सुरक्षाकर्मी की पिस्तौल भी ले गए चोर

भागलपुर, आठ जून (भाषा) बिहार के भागलपुर से जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद अजय कुमार मंडल के आवास में चोरों ने कथित तौर पर सेंध लगाकर कैमरों समेत कई कीमती सामान और उनके सुरक्षाकर्मी की पिस्तौल चुरा ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

चोरी की यह घटना रविवार रात जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित बैंक कॉलोनी में सांसद के आवास पर हुई।

घटना की पुष्टि करते हुए सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि चोरी के संबंध में उनके अंगरक्षक द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि मामले की पुलिस जांच कर रही है।

अधिकारियों के अनुसार, चोर रात के समय आवास परिसर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।

इस घटना की सूचना मिलने पर तिलकामांझी थाने की पुलिस टीम तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया जा रहा है।

भाषा

कैलाश रवि कांत