Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

ग्रासिम इंडस्ट्रीज कर्नाटक में क्षमता विस्तार पर 3,094 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) आदित्य बिड़ला समूह की प्रमुख कंपनी ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि वह कर्नाटक के हरिहर में अपनी लियोसेल क्षमता के विस्तार के लिए 3,094 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

कंपनी ने बयान में कहा कि दूसरे चरण के तहत किए जाने वाले इस निवेश का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर बढ़ती टिकाऊ एवं उच्च गुणवत्ता वाली वस्त्र सामग्री की मांग को पूरा करना है।

ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निदेशक मंडल की सोमवार को हुई बैठक में इस पूंजीगत व्यय को मंजूरी दी गई। यह निवेश आंतरिक संसाधनों और कर्ज के मिश्रण से वित्तपोषित किया जाएगा।

लियोसेल एक अर्ध-कृत्रिम रेशा है जिसका इस्तेमाल परिधान, घरेलू वस्त्र और तकनीकी वस्त्र उत्पादों में किया जाता है।

ग्रासिम इस परियोजना के तहत 110 हजार टन प्रति वर्ष की अतिरिक्त क्षमता स्थापित करेगी, जिसमें 55-55 हजार टन प्रति वर्ष क्षमता वाली दो उत्पादन लाइनें शामिल होंगी। पहली उत्पादन लाइन के 2028 तक और दूसरी लाइन के 2030 तक चालू होने की उम्मीद है।

यह विस्तार हरिहर में पहले चरण की 55 हजार टन प्रति वर्ष क्षमता वाली निर्माणाधीन परियोजना के साथ जुड़ जाएगा जिसके 2027 के मध्य तक शुरू होने की संभावना है।

इस विस्तार के पूरा होने पर ग्रासिम इंडस्ट्रीज की कुल क्षमता बढ़कर लगभग 210 हजार टन प्रति वर्ष हो जाएगी जिससे यह दुनिया के सबसे बड़े लियोसेल उत्पादकों में शामिल हो जाएगी।

आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि यह निर्णय भारत की दीर्घकालिक आर्थिक वृद्धि और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने वाले उभरती क्षेत्रों में निवेश की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह कदम ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देगा और वैश्विक वस्त्र मूल्य शृंखला में भारत की स्थिति को और मजबूत करेगा।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय