Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

मुर्मू 23 जून को पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 जून को नागरिक अलंकरण समारोह के दूसरे चरण में अभिनेताओं ममूटी और आर माधवन सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा और उनके परिजन यह पुरस्कार ग्रहण करेंगे।

राष्ट्रपति ने इस वर्ष 131 पद्म पुरस्कार प्रदान किए जाने को मंजूरी दी है, जिनमें पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं। उन्होंने 25 मई को हुए समारोह में दो पद्म विभूषण, छह पद्म भूषण और 58 पद्म श्री प्रदान किए थे।

शेष पुरस्कार 23 जून को राष्ट्रपति भवन में समारोह के दूसरे चरण में प्रदान किए जाएंगे।

मलयालम फिल्मों के दिग्गज अभिनेता ममूटी को समारोह में पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने 50 वर्ष के अपने करियर में विभिन्न भाषाओं की 400 फिल्मों में विविध भूमिकाएं निभाईं और अपने परोपकारी कार्यों के लिए भी सम्मान अर्जित किया।

‘मैडी’ के नाम से लोकप्रिय माधवन को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने तमिल, हिंदी और अन्य भाषाओं में कई टीवी धारावाहिकों और 75 फिल्मों में अभिनय किया है।

देश के पहले हास्य धारावाहिक माने जाने वाले ‘ये जो है जिंदगी’ तथा अनेक फिल्मों और रंगमंच प्रस्तुतियों से लोकप्रियता हासिल करने वाले सतीश शाह को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उनके निकट संबंधी ग्रहण करेंगे।

तेलुगु अभिनेता गद्दे बाबू राजेंद्र प्रसाद भी समारोह में राष्ट्रपति से पद्म श्री प्राप्त करेंगे। प्रसाद ने चार दशक से अधिक लंबे करियर के दौरान छह भाषाओं की 286 फिल्मों में काम किया।

भाषा

सिम्मी माधव

माधव