Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

खेल मंत्री मांडविया ने महिला और पुरुष हॉकी टीमों को सम्मानित किया

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) मुख्यालय में भारतीय पुरुष और महिला अंडर-18 हॉकी टीमों को हाल ही में जापान में अंडर-18 एशिया कप में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया।

कप्तान केतन कुशवाहा के नेतृत्व में भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम शुक्रवार को काकामिगाहारा में आयोजित फाइनल में मेजबान जापान को 4-1 से हराकर चैंपियन बनी। मांडविया ने पुरुष टीम को 61.5 लाख रुपये का प्रोत्साहन चेक भी प्रदान किया।

कप्तान स्वीटी कुजुर के नेतृत्व में भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक मुकाबले में कोरिया को 3-0 से हराया। महिला टीम को मांडविया ने 21 लाख रुपये का चेक दिया।

मांड़विया ने दोनों टीमों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “देश का नाम रोशन करने के लिए दोनों टीमों ने जो कड़ी मेहनत की है, उसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूँ। पूरा देश आप पर गर्व करता है। मैं आपको बताना चाहता हूँ कि यह तो बस शुरुआत है।”

उन्होंने कहा, “कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। जिसने 13 गोल किए हैं, उसे 15 या उससे अधिक गोल करने का लक्ष्य रखना चाहिए। जिसने 10 गोल बचाए हैं, उसे विपक्षी टीम को एक भी गोल न करने देने का लक्ष्य रखना चाहिए।”

मंत्री ने कहा, “चाहे आप पढ़ाई कर रहे हों या खेल का हिस्सा हों, पूरी लगन होनी चाहिए। अपनी पूरी क्षमता से प्रदर्शन करते रहें और अपने माता-पिता व शुभचिंतकों को खुश करते रहें, यही आपका लक्ष्य होना चाहिए।”

मांडविया ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुसार भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

खेल मंत्री ने पुरुष और महिला टीम के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर आशीष तानी पूर्ति और नौशीन नाज को सम्मानित किया, साथ ही सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर आयुष राजक को भी सम्मानित किया।

उन्होंने ने भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तानों रानी रामपाल और सरदार सिंह को भी सम्मानित किया, जो क्रमशः अंडर-18 एशिया कप के लिए भारतीय महिला और पुरुष टीमों के कोच के रूप में कार्यरत हैं।

भाषा आनन्द

आनन्द सुधीर

सुधीर