Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

केंद्र के पास 80 दिनों तक बिजली उत्पादन के लिए कोयले का भंडार है : केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी

हैदराबाद, आठ जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने सोमवार को कहा कि केंद्र के पास 80 दिनों तक बिजली उत्पादन की जरूरतों को पूरा करने के लिए कोयले का पर्याप्त भंडार है।

रेड्डी ने 2014 से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियों के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए यह भी कहा कि अर्जेंटीना में अधिग्रहित महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों में अन्वेषण शुरू हो गया है और उत्पादन जल्द से जल्द शुरू हो जाना चाहिए।

केंद्रीय कोयला और खान मंत्री ने कहा, “पहले कोयले की कमी हुआ करती थी। अब भारत सरकार के पास 80 दिनों तक बिजली उत्पादन के लिए पर्याप्त कोयला भंडार है। मानसून का मौसम शुरू होने के कारण भारी बारिश से कोयला उत्पादन बाधित हो सकता है।”

उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशों का पालन करते हुए हमने 80 दिनों के लिए कोयले का भंडार बनाए रखा है।'

महत्वपूर्ण खनिजों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए रेड्डी ने कहा कि केंद्र महत्वपूर्ण खनिज भंडारों की पहचान कर रहा है और अन्वेषण गतिविधियां चला रहा है।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अन्वेषण कार्य पूरा हो चुका है, वहां नीलामी भी शुरू हो गई है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार निजी कंपनियों को भारत में संसाधित या अर्ध-संसाधित महत्वपूर्ण खनिजों का आयात करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली यूपीए सरकार के दौरान कोयला क्षेत्र में घोटाले सुर्खियां बटोरते थे लेकिन देश अब सालाना रिकॉर्ड 1,040 मिलियन टन कोयले का उत्पादन कर रहा है।

भाषा तान्या नरेश

नरेश