Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

उप्र : कन्नौज में बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, बेटे पर संदेह

कन्नौज, आठ जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सकरावा थाना क्षेत्र के देवपुर गांव में रविवार रात घर के बाहर सो रहे 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से हमला करके कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक श्रीकृष्ण बाथम अपने घर के बाहर खाट पर सो रहे थे, तभी अज्ञात परिस्थितियों में उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह उनके पोते रजनीश ने बाथम का खून से लथपथ शव देखा और शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करके साक्ष्य जुटाए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के बेटे अशोक ने रविवार शाम शराब के नशे में अपने पिता से झगड़ा किया था, जिसे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर शांत कराया था।

पुलिस के अनुसार, अशोक अलग रह रहा था और पिता से उसका अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि हत्या के पीछे करीब चार बीघा कृषि भूमि का विवाद कारण हो सकता है। पोते रजनीश की शिकायत पर पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीम गठित की गई हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है।

भाषा सं जफर मनीषा अमित

अमित