Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

मुंबई में बेस्ट बस कई वाहनों से टकराई, चार लोग घायल

( तस्वीरों सहित )

मुंबई, आठ जून (भाषा) मुंबई की नगर निकाय संचालित परिवहन सेवा ‘बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट’ (बेस्ट) की एक तेज रफ्तार बस सोमवार को दादर इलाके में दो कारों समेत कई वाहनों से टकरा गई, जिससे कम से कम चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेस्ट बस के चालक ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे प्लाजा सिनेमा के निकट वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद बस दो कारों, एक टैक्सी और दो मोटरसाइकिलों से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के समय जोरदार आवाज सुनाई दी और सड़क पर मलबा बिखर गया।

एक अधिकारी ने बताया कि दो मोटरसाइकिल सवार, बस का परिचालक (कंडक्टर) और एक अन्य व्यक्ति हादसे में घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नगर निकाय संचालित सायन अस्पताल ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि बचाव कार्य की निगरानी और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शिवाजी पार्क पुलिस तथा दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

घटना के बाद कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से बंद कर यातायात को अन्य रास्तों पर मोड़ दिया गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

भाषा मनीषा

मनीषा