Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

एआईसीसी सचिव सूरज हेगड़े का निधन

बेंगलुरु, आठ जून (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव और कर्नाटक सरकार की गारंटी समिति के उपाध्यक्ष सूरज हेगड़े का कल रात बेंगलुरु में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, हेगड़े करीब 55 वर्ष के थे। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था जहां उनका निधन हो गया।

भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व प्रभारी हेगड़े पूर्व मुख्यमंत्री देवराज उर्स के पोते थे।

मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने हेगड़े के निधन पर शोक व्यक्त किया।

शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मुझे अपने प्रिय सहयोगी सूरज हेगड़े के अचानक निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उन्होंने एआईसीसी पदाधिकारी, केपीसीसी (कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी) उपाध्यक्ष और राज्य गारंटी समिति के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया।’’

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक कुशलता और जनहित के माध्यम से कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में उनका योगदान अतुलनीय था। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज हमने एक ऐसे सक्रिय नेता को खो दिया जिनका पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हमेशा उत्कृष्ट संबंध रहा।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हेगड़े के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एआईसीसी सचिव और भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व प्रभारी के रूप में उन्होंने पार्टी के आदर्शों में दृढ़ विश्वास के साथ काम किया। युवा कांग्रेस उनके लिए महज एक जिम्मेदारी नहीं थी। उन्होंने युवा भारतीयों का मार्गदर्शन किया, जो आज कांग्रेस की न्याय और लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ा रहे हैं।’’

गांधी ने कहा, ‘‘उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार, उनके सहयोगियों और हर उस कांग्रेस कार्यकर्ता के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं, जिनके जीवन को उन्होंने छुआ।’’

एआईसीसी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने हेगड़े के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें ‘‘एक युवा और होनहार नेता’’ के रूप में याद किया जिन्होंने एआईसीसी सचिव के रूप में पार्टी की पूरे समर्पण के साथ सेवा की।

खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सूरज मेरे परिवार के बहुत करीब थे और मैं उन्हें उनकी किशोरावस्था के समय से जानता हूं। उन्हें एक प्रतिबद्ध नेता के रूप में बढ़ते देखना सचमुच दिल को छू लेने वाला था क्योंकि वह संगठन के प्रति पूरी तरह समर्पित थे। उन्होंने युवा कांग्रेस में अमूल्य योगदान दिया और देवराज उर्स की समृद्ध विरासत और मूल्यों को ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया।’’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद ने कहा कि हेगड़े ने अपना पूरा जीवन पिछड़े समुदायों, दलितों और समाज में हाशिए पर पड़े अन्य वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि सच्चे अर्थों में हेगड़े समानता और सामाजिक न्याय की उस विरासत के वास्तविक उत्तराधिकारी थे जिसे देवराज उर्स प्रोत्साहित करते थे।

उन्होंने कहा, ‘‘वह हमेशा जनसेवा के प्रति समर्पित रहे। उन्होंने गारंटी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’

उन्होंने हेगड़े के निधन को राज्य और कांग्रेस पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति बताया।

कांग्रेस नेता और सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने लिखा, ‘‘सूरज हेगड़े जी का निधन कांग्रेस परिवार में हम सभी के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और युवा नेताओं का मार्गदर्शन करने के लिए अथक परिश्रम किया। हम सभी उन्हें स्नेह, सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद रखेंगे।’’

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, एआईसीसी महासचिव के सी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला, कर्नाटक के कई मंत्रियों और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कांग्रेस नेताओं ने भी हेगड़े के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव