Breaking News

दक्षिण मुंबई में पुरानी इमारत की बालकनी गिरी, एक व्यक्ति की मौत     |   'पाकिस्तान से बात हो...', PM मोदी-शहबाज को चिट्ठी लिखने वालों में मणिशंकर अय्यर और हुमायूं कबीर     |   चढ़ावा चोरी केस: लवकुश-अनुकल्प मिश्रा के घर समेत कई जगहों पर अयोध्या पुलिस की रेड     |   'सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करो', लालू यादव की बड़ी अपील     |   कतर के पीएम से मिले कुशनर और विटकॉफ, अमेरिका-ईरान डील पर बड़ी चर्चा     |  

पीलीभीत में फर्जी दस्तावेजों से दो पासपोर्ट बनवाने के आरोप में युवक के खिलाफ मामला दर्ज

पीलीभीत, सात जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो अलग-अलग पहचान बनाकर दो पासपोर्ट हासिल करने वाले एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय-लखनऊ की शिकायत पर सेहरामऊ उत्तरी थाने में यह मामला दर्ज किया गया।

सेहरामऊ उत्तरी थाने के प्रभारी संजय सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पासपोर्ट अधिनियम-1967 की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अपनी पहचान क्यों बदली और क्या इस फर्जीवाड़े में किसी गिरोह की संलिप्तता है।

पुलिस के अनुसार, विभागीय जांच में पता चला है कि आरोपी ने वर्ष 2018 में पहली बार ‘रविजोत सिंह’ के नाम से पासपोर्ट बनवाया था। इस पासपोर्ट में उसकी जन्मतिथि पांच फरवरी 1998 और माता का नाम जसविंदर कौर दर्ज था।

इसके बाद युवक ने कथित रूप से अपने पहचान संबंधी दस्तावेजों में हेरफेर कर वर्ष 2023 में ‘अमनजोत सिंह’ के नाम से दूसरा पासपोर्ट हासिल कर लिया।

पुलिस ने बताया कि दूसरे पासपोर्ट में न केवल नाम बदला गया, बल्कि जन्मतिथि पांच फरवरी 2001 और माता का नाम सुखविंदर कौर दर्ज कराया गया। हालांकि, दोनों पासपोर्टों में पिता का नाम सरजीत सिंह ही था।

विभागीय अभिलेखों के मिलान के दौरान इस कथित धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने दोनों पासपोर्ट निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सिफारिश भी की थी।

भाषा

सं, आनन्‍द रवि कांत