Breaking News

दक्षिण मुंबई में पुरानी इमारत की बालकनी गिरी, एक व्यक्ति की मौत     |   'पाकिस्तान से बात हो...', PM मोदी-शहबाज को चिट्ठी लिखने वालों में मणिशंकर अय्यर और हुमायूं कबीर     |   चढ़ावा चोरी केस: लवकुश-अनुकल्प मिश्रा के घर समेत कई जगहों पर अयोध्या पुलिस की रेड     |   'सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करो', लालू यादव की बड़ी अपील     |   कतर के पीएम से मिले कुशनर और विटकॉफ, अमेरिका-ईरान डील पर बड़ी चर्चा     |  

देहरादून: पॉलिटेक्निक कॉलेज के संकाय सदस्यों से मारपीट के आरोप में उपनिरीक्षक निलंबित

देहरादून, सात जून (भाषा) देहरादून स्थित एक सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज के संकाय सदस्यों से मारपीट और दुर्व्यवहार करने के आरोप में पुलिस (दूरसंचार इकाई) के एक उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने पित्थूवाला स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में पांच जून को हुई घटना के बाद उपनिरीक्षक महेश कंडवाल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कंडवाल ने संस्थान के कर्मचारियों से कथित तौर पर मारपीट की, उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें उनके कर्तव्यों का निर्वहन करने से रोका।

बयान में कहा गया कि एसएसपी ने इस आचरण को पद की गरिमा के पूरी तरह प्रतिकूल मानते हुए कंडवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रमोद कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कॉलेज प्रशासन और उपनिरीक्षक, दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उपनिरीक्षक का बेटा इसी संस्थान का छात्र है।

कॉलेज के संकाय सदस्यों ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि विवाद चार जून को परीक्षा के दौरान उस समय शुरू हुआ, जब छात्र कथित तौर पर अपनी सीट छोड़कर एक अन्य परीक्षार्थी से बात करता दिखाई दिया।

यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने छात्र को बुलाकर उससे लिखित स्पष्टीकरण मांगा।

छात्र अपने उपनिरीक्षक पिता और एक अन्य व्यक्ति समेत अपने परिवार के सदस्यों के साथ पांच जून को परिसर में लौटा। उन्होंने परीक्षा नियंत्रण कक्ष में कथित तौर पर प्रवेश किया और संकाय सदस्यों से दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया।

पुलिस ने कहा कि विवाद जल्द ही हिंसक हो गया। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि उन्हें थप्पड़ मारे गए और उन पर कुर्सियां फेंकी गईं। पुलिस ने बताया कि झड़प से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

इस बीच, पुलिस कॉलेज में परीक्षा के दौरान नकल के आरोपों और उसके बाद हुए विवाद की जांच कर रही है।

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष