Breaking News

दक्षिण मुंबई में पुरानी इमारत की बालकनी गिरी, एक व्यक्ति की मौत     |   'पाकिस्तान से बात हो...', PM मोदी-शहबाज को चिट्ठी लिखने वालों में मणिशंकर अय्यर और हुमायूं कबीर     |   चढ़ावा चोरी केस: लवकुश-अनुकल्प मिश्रा के घर समेत कई जगहों पर अयोध्या पुलिस की रेड     |   'सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करो', लालू यादव की बड़ी अपील     |   कतर के पीएम से मिले कुशनर और विटकॉफ, अमेरिका-ईरान डील पर बड़ी चर्चा     |  

पंजाब: ‘मोबाइल फोन झपटने’ के दो आरोपियों को अर्धनग्न करके घुमाया गया, खेत में घसीटा

चंडीगढ़, सात जून (भाषा) पंजाब में मुक्तसर के झरोड़ गांव में लोगों के एक समूह ने मोबाइल फोन छीनने के आरोपी दो दलित व्यक्तियों को अर्धनग्न करके घुमाया और फिर रस्सी से उनके हाथ बांधकर उन्हें खेत में घसीटा।

पुलिस ने बताया कि दोनों व्यक्ति नशे के आदी हैं और उन्होंने एक प्रवासी मजदूर से कथित तौर पर मोबाइल फोन छीना था जिसके बाद शनिवार को कुछ ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और उनकी पिटाई की।

सोशल मीडिया पर प्रसारित घटना के कथित वीडियो में कुछ लोग दोनों व्यक्तियों के पैर ऊपर उठाकर उन्हें घसीटते हुए दिखाई दे रहे हैं।

इनमें से एक व्यक्ति की मां ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनके बेटे ने क्या किया था लेकिन उसे बेरहमी से पीटा गया।

उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने कुछ गलत किया था तो उन्हें पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था।

मलोट के पुलिस उपाधीक्षक जसपाल सिंह ने कहा कि वीडियो के जरिये घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने बताया कि इनमें से एक व्यक्ति के खिलाफ पहले 200 नशीली गोलियों से जुड़े एक मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि दोनों की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और उनके शरीर पर किसी कुंद वस्तु से चोट के निशान मिले हैं।

पुलिस ने कहा कि उनकी चिकित्सकीय रिपोर्ट और बयान के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

उसने कहा कि मोबाइल फोन छीनने के आरोप में दोनों व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने घटना का स्वत: संज्ञान लिया है और इस संबंध में मुक्तसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से आठ जून तक रिपोर्ट देने को कहा है।

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष