Breaking News

दक्षिण मुंबई में पुरानी इमारत की बालकनी गिरी, एक व्यक्ति की मौत     |   'पाकिस्तान से बात हो...', PM मोदी-शहबाज को चिट्ठी लिखने वालों में मणिशंकर अय्यर और हुमायूं कबीर     |   चढ़ावा चोरी केस: लवकुश-अनुकल्प मिश्रा के घर समेत कई जगहों पर अयोध्या पुलिस की रेड     |   'सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करो', लालू यादव की बड़ी अपील     |   कतर के पीएम से मिले कुशनर और विटकॉफ, अमेरिका-ईरान डील पर बड़ी चर्चा     |  

उप्र: नहर में नहाने गए तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत, 20 घंटे बाद मिले शव

एटा/कासगंज, सात जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले की नदरई हजारा नहर में नहाने के दौरान डूबे हाथरस के तीन सगे भाइयों के शव लगभग 20 घंटे तक चले खोज एवं बचाव अभियान के बाद बरामद कर लिए गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, पीएसी बाढ़ इकाई और पुलिस की संयुक्त टीम ने तीनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के टिकरी नगला गांव निवासी जयप्रकाश (25), अजय (24) और छोटू (22) शनिवार को अपने मित्र सुमित के साथ नदरई हजारा नहर में नहाने आए थे।

पुलिस के मुताबिक, नहाने के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे हालांकि सुमित किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया लेकिन तीनों भाई तेज बहाव में बह गए।

पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

उन्होंने बताया कि रविवार को जयप्रकाश का शव घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर और छोटू का शव लगभग ढाई किलोमीटर दूर बरामद किया गया।

अधिकारी ने बताया कि लगातार तलाशी के बाद तीसरे भाई अजय का शव भी बरामद कर लिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, तीनों भाई खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और सभी विवाहित थे।

उन्होंने बताया कि छोटू का विवाह इस वर्ष 20 फरवरी को एटा जिले के लोधमई गांव निवासी तान्या के साथ हुआ था।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र