Breaking News

अडाणी ग्रुप के फैसले से केरलम सरकार हैरान: बिना परामर्श हिस्सेदारी बेचने पर तकरार     |   अडाणी ग्रुप के फैसले से केरलम सरकार हैरान: बिना परामर्श हिस्सेदारी बेचने पर तकरार     |   मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट: बीएमसी की चेतावनी, 50-60 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा     |   मुंबई एयरपोर्ट पर सोना तस्कर अरेस्ट: बैंकॉक से लाया 1.23 करोड़ का गोल्ड बार     |   सम्राट चौधरी का कड़ा अल्टीमेटम: मंत्री हो या अधिकारी, भ्रष्टाचार पर होगी सख्त कार्रवाई     |  

संगीत कार्यक्रम में शामिल हुए व्यक्ति की मौत, महिला बीमार हुई: पुलिस

मुंबई, सात जून (भाषा) मुंबई में रविवार तड़के एक संगीत कार्यक्रम के दौरान 28 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थ उपयोग का कोई सबूत सामने नहीं आया है, हालांकि दोनों ने शराब का सेवन किया था।

पुलिस के अनुसार, ये अलग-अलग घटनाएं वर्ली स्थित एनएससीआई डोम में आयोजित ‘क्लांगकुंस्टलर ऑल नाइट लॉन्ग’ संगीत कार्यक्रम के दौरान हुईं।

ताड़देव पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे मालाबार हिल स्थित ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिला है कि व्यक्ति की मौत के पीछे निर्जलीकरण एक कारण हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि आगे की चिकित्सीय जांच के बाद होगी।

अधिकारी ने बताया कि एक अन्य घटना में 31 वर्षीय महिला ने कार्यक्रम के दौरान तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिसे बाद में जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि महिला ने पुलिस को बताया है कि उसने कुछ एनर्जी ड्रिंक के साथ शराब का सेवन किया था।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘अब तक हमारी जांच में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ के सेवन का कोई सबूत सामने नहीं आया है। घटना की कड़ी को स्पष्ट करने के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है।’’

ताड़देव पुलिस थाने में दोनों घटनाओं के संबंध में मामला दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि इसी वर्ष अप्रैल में मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम में शामिल एमबीए के दो छात्रों की कथित तौर पर नशीले पदार्थ की अधिक मात्रा में सेवन से मौत हो गई थी। बाद में पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया था।

भाषा अमित प्रशांत

प्रशांत