Breaking News

मुंबई: कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना     |   चढ़ावा विवाद पर चिराग पासवान सख्त, बोले- आस्था से खिलवाड़ करने वाले बचेंगे नहीं     |   दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9 करोड़ की हाई-क्वालिटी चरस जब्त, 3 तस्कर अरेस्ट     |   हिमाचल में मानसून का कहर: 30 जून से 2 जुलाई तक 11 लोगों की मौत, प्रशासन अलर्ट     |   मदरसा फंडिंग जांच पर इलाहाबाद हाई कोर्ट की हरी झंडी: ATS जांच पर रोक लगाने से साफ इनकार     |  

फिरोजपुर में दुकानदार की हत्या में शामिल दो हमलावर जम्मू कश्मीर से गिरफ्तार

चंडीगढ़, सात जून (भाषा) पंजाब के फिरोजपुर जिले में एक दुकानदार की हत्या में कथित तौर पर शामिल दो हमलावरों को जम्मू कश्मीर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में बताया, ‘‘एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने फिरोजपुर पुलिस और जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में फिरोजपुर के मखु निवासी गुरचरण सिंह गाबा की हत्या में शामिल राजस्थान के दो शूटर को जम्मू कश्मीर से गिरफ्तार किया और उनके पास से एक बेरेटा .30 बोर पिस्तौल और .30 बोर के 10 कारतूस बरामद किए।’’

शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है जिसमें वसूली, डकैती, लूटपाट, चोरी और शस्त्र अधिनियम का उल्लंघन शामिल है। डीजीपी ने बताया कि उन पर राजस्थान पुलिस ने 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था। मामले की जांच जारी है।

फिरोजपुर जिले के मखु कस्बे में दुकानदार गुरचरण सिंह गाबा की एक जून को दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, हमलावर मोटरसाइकिल से बाजार पहुंचे और गुरचरण पर गोलियां चलाईं। बाद में गुरचरण ने दम तोड़ दिया।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना