Breaking News

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |   चीनी सेना में बड़ा फेरबदल: शी जिनपिंग ने दो नए सैन्य कमांडरों को प्रमोट किया     |   अपकमिंग फिल्म में बनेंगी नन: सिनेमा में वापसी को लेकर सेलिना जेटली ने खोले राज     |   अहमदाबाद में आज शाम PM मोदी करेंगे 7600 करोड़ की CG Semi फैक्ट्री का उद्घाटन     |   मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: गुजरात, कोंकण और गोवा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट     |  

फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' ने रिलीज के पहले दिन 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की

नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' ने रिलीज के पहले दिन वैश्विक स्तर पर सिनेमाघरों की टिकट खिड़की पर कुल 12.70 करोड़ रुपये की कमाई की है।

डेविड धवन के निर्देशन में बनी यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। यह डेविड धवन की अंतिम निर्देशित फिल्म मानी जा रही है।

फिल्म की कहानी वरुण धवन और मृणाल ठाकुर द्वारा निभाए गए किरदार जस और बानी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो तलाक की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। इसी दौरान जस को पूजा हेगड़े के किरदार प्रीत से प्यार हो जाता है।

कहानी में तब मोड़ आता है जब बानी और प्रीत दोनों एक साथ गर्भवती हो जाती हैं, जिससे कई तरह की उलझनें और हास्यपूर्ण स्थितियां पैदा होती हैं।

निर्माता ने शनिवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म की कमाई के आंकड़े साझा किए। पोस्ट में फिल्म का पोस्टर भी शामिल था।

पोस्ट के अनुसार, 'है जवानी तो इश्क होना है' ने पहले दिन देश के सिनेमाघरों की टिकट खिड़की पर 10.20 करोड़ रुपये और विदेशी बाजारों में 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की। इस तरह फिल्म का कुल वैश्विक कारोबार 12.70 करोड़ रुपये रहा।

पोस्ट के कैप्शन में कहा गया, 'जितना प्यार स्क्रीन पर था, उससे कहीं ज्यादा प्यार आप सभी ने दिया। 'है जवानी तो इश्क होना है' अब सिनेमाघरों में। अपने टिकट बुक करें।'

फिल्म में मौनी रॉय, कुब्रा सैत और राकेश बेदी समेत कई कलाकारों ने भी अभिनय किया है।

भाषा

राखी संतोष

संतोष