(फाइल फोटो के साथ)
पटना, छह जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को अपनी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास-एलजीपी-आरवी) के प्रवक्ता अशरफ अंसारी को बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया।
चिराग पासवान ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर यह घोषणा की, जिसमें उन्होंने अपने दिवंगत पिता रामविलास पासवान के साथ अंसारी के लंबे जुड़ाव को याद किया।
बिहार की 75 सदस्यीय विधान परिषद की नौ सीट के लिए 18 जून को चुनाव है। जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने से उनके द्वारा खाली की गई विधानपरिषद सीट पर उपचुनाव भी होगा।
लोजपा (राम विलास) के मैदान में उतरने के साथ, राजग उम्मीदवारों की संख्या आठ हो गई है। उनमें उपचुनाव वाली सीट अलग है।
शुक्रवार को, भाजपा ने अपने चार उम्मीदवारों की घोषणा की थी, जिनमें भोजपुरी कलाकार पवन सिंह भी शामिल हैं। वह विधान परिषद के लिए पहली बार चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं।
इसके अलावा, जदयू ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत समेत तीन उम्मीदवारों की घोषणा की है। निशांत पिछले महीने राज्य सरकार में मंत्री बने थे।
इस बीच, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा ने राजग में चल रहे घटनाक्रमों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
उनके बेटे दीपक प्रकाश को पिछले महीने राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। मंत्री पद बरकरार रखने के लिए उन्हें विधानसभा के लिए निर्वाचित होना होगा।
कुशवाहा ने कहा, ‘‘नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो जाएगी। अभी समय है। देखते हैं आगे क्या होता है।’’
ऐसा भी समझा जाता है कि कुशवाहा पवन सिंह की उम्मीदवारी को लेकर बेहद आहत हैं। सिंह ने 2024 में काराकट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जिसके परिणामस्वरूप आरएलएम नेता को अपमानजनक हार का सामना करना पड़ा था।
बिहार के 202 विधायकों वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास इतने विधायक हैं कि वह विधानपरिषद की नौ में से अधिकतम आठ सीट जीत सकता है। एलजेपी (आरवी) के मैदान में उतरने के साथ ही भाजपा के नेतृत्व वाले इस गठबंधन ने अपने सारे पत्ते खोल दिए हैं।
नौ सीट में से एक सीट विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के जीतने की उम्मीद है लेकिन उसने इस द्विवार्षिक चुनाव को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है।
भाषा राजकुमार पवनेश
पवनेश