(तस्वीर के साथ)
जयपुर, छह जून (भाषा) पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई इलाकों में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई,फलस्वरूप लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।
मौसम केंद्र (जयपुर) के अनुसार शनिवार सुबह से शाम तक टोंक के वनस्थली में सबसे अधिक 65 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि अलवर में 22.2 मिलीमीटर वर्षा हुई।
शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटों के दौरान, बीकानेर जिले के डूंगरगढ़ और झालावाड़ जिले के दाग में 14 मिमी बारिश हुई।
शनिवार शाम को कोटपूतली-बहरोड़ के कुछ हिस्सों में जोरदार धूल भरी आंधी चली जिससे आसमान काला-पीला हो गया। दृश्यता कम हो गयी एवं यातायात बाधित हुआ। अचानक तेज आंधी आने पर बाज़ारों और सार्वजनिक जगहों पर मौजूद लोग सुरक्षित पर चले गये।
आंधी से अस्थायी ढांचे और खुली जगहों पर रखी चीजें उड़ने लगीं या पलट गईं। हालांकि किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
इस बीच, शनिवार को गंगानगर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा जहां अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर में दिन का तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा। चूरू, बीकानेर और जोधपुर में अधिकतम तापमान क्रमशः 42.6, 41.5 और 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के कुछ भागों में आंधी- बारिश की गतिविधियां अभी एक-दो दिन जारी रहने की संभावना है। इसके बाद भी पूर्वी राजस्थान में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
आठ जून से आंधी बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में आठ से 11 जून तक कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
भाषा पृथ्वी
रवि कांत राजकुमार
राजकुमार