सेंट पीटर्सबर्ग (रूस), छह जून (एपी) रूस के दूसरे सबसे बड़े शहर सेंट पीटर्सबर्ग में शनिवार सुबह यूक्रेन के ‘‘बड़े पैमाने पर’’ ड्रोन हमले के बाद निवासियों को अपने घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गयी। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह हमला रूस के काफी अंदर तक वार करने की कीव की बढ़ती क्षमता को दर्शाता है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बैठक प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।
सेंट पीटर्सबर्ग के गवर्नर अलेक्जेंडर बेगलोव ने शहर के लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी और चेतावनी दी कि मोबाइल इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
क्षेत्रीय गवर्नर अलेक्जेंडर द्रोजदेंको ने कहा कि आसपास के लेनिनग्राद क्षेत्र के ऊपर 141 ड्रोन मार गिराए गए। वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने कुल 376 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए।
जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘कल रात, हमारे ड्रोन ने सेंट पीटर्सबर्ग क्षेत्र में लगभग 1,000 किलोमीटर की दूरी दुश्मन नौसेना के शस्त्रागारों और क्रोनस्टैड में एक अड्डे तक तय की।’’
हालांकि तत्काल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली, लेकिन सेंट पीटर्सबर्ग पर यह नया हमला पुतिन के लिए झटका माना जा रहा है। पुतिन लगातार यह दिखाने की कोशिश करते रहे हैं कि यह युद्ध एक दूरस्थ घटना है, जिसका रूस के आम जनजीवन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता।
शनिवार का हमला उस यूक्रेनी ड्रोन हमले के बाद हुआ है, जिसमें बुधवार को शहर के एक तेल टर्मिनल में आग लग गई थी और पास के एक नौसैनिक अड्डे को भी निशाना बनाया गया था। यह हमला सेंट पीटर्सबर्ग अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मंच के उद्घाटन से कुछ घंटे पहले हुआ था, जिसे पुतिन निवेश आकर्षित करने के अपने वार्षिक मंच के रूप में प्रस्तुत करते हैं।
पुतिन ने बृहस्पतिवार को फोरम में कहा था कि हाल के यूक्रेनी ड्रोन हमलों का मुकाबला करने के लिए रूस अपनी वायु रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करेगा। इन हमलों ने रूस के अंदरूनी इलाकों तक पहुंच बनाकर उनके गृह नगर सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित इस कार्यक्रम पर भी असर डाला है।
वहीं यूक्रेन में द्नीप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में रातभर हुए रूसी हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।
क्षेत्रीय प्रमुख ओलेक्सांद्र हांझा ने शनिवार को बताया कि रूसी बलों ने तीन जिलों पर ड्रोन और तोपखाने से लगभग 30 बार हमला किया।
जापोरिज्जिया क्षेत्र में भी एक रूसी ड्रोन हमले से पार्किंग स्थल में आग लग गई, जिसके बाद सात लोगों को चिकित्सीय मदद दी गई। यह जानकारी क्षेत्रीय प्रमुख इवान फेदोरोव ने दी।
यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, रूस ने रातभर में 272 ड्रोन से हमला किया, जिनमें से 249 को यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली ने मार गिराया।
ये ताजा हमले उस घटना के एक दिन बाद हुए हैं, जब शुक्रवार को पुतिन ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के आमने-सामने बैठक के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। चार साल पुराने इस संघर्ष पर बातचीत के लिए जेलेंस्की ने पुतिन से सीधी मुलाकात का प्रस्ताव दिया था, लेकिन रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें इसमें ‘‘कोई तुक नजर नहीं आता।’’
एपी
देवेंद्र सुरेश
सुरेश