Breaking News

2020 दिल्ली दंगा: उमर खालिद-शरजील इमाम को झटका, जमानत अर्जी खारिज     |   अहमदाबाद में CG Semi OSAT फैसिलिटी पहुंचे PM मोदी, उद्घाटन के बाद जनसभा को करेंगे संबोधित     |   तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा फेरबदल, AIADMK छोड़ TVK में पहुंचे पूर्व मंत्री वैगैचेल्वन     |   समस्तीपुर में बड़ा हादसा, गंगा नदी पर बन रहे पुल का स्लैब गिरा, 4 मजदूर घायल     |   मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |  

कुख्यात अपराधी का कंकाल उसके लापता होने के महीनों बाद पानी की टंकी से बरामद, पांच लोग गिरफ्तार

पालघर (महाराष्ट्र), छह जून (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा स्थित एक आवासीय परिसर की पानी की टंकी से पुलिस ने 32 वर्षीय एक कुख्यात अपराधी का कंकाल बरामद किया है, जो लगभग पांच महीने से लापता था।

हत्या के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पीड़ित की पहचान रवि बिडलान के रूप में हुई है और वह इस साल 15 जनवरी को लापता हो गया था।

मीरा भयंदर-वसई विरार (एमबीवीवी) पुलिस आयुक्तालय के तहत अचोले पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि रवि कई गंभीर आपराधिक मामलों का सामना कर रहा था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मामला शुक्रवार को तब सामने आया जब रवि के भाई पंकज ने उसके बारे में नयी जानकारी होने का दावा करके पुलिस से संपर्क किया। उसने आरोप लगाया कि रवि की हत्या एक समूह ने की थी और उसके शव को पानी की टंकी में फेंक दिया गया था। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और टंकी से कंकाल बरामद किया।’’

जांच के अनुसार, लापता होने से कुछ दिन पहले रवि ने कथित तौर पर रोहन जगदाले उर्फ ​​टाइगर पर हमला किया था। पुलिस ने बताया कि बदला लेने के लिए आरोपियों ने बाद में रवि का सिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को टंकी में फेंक दिया।

मृतक के भाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहन जगदाले (22), करण शंकर शेट्टीयार (22), उत्कर्ष आनंद अवसरमल (20), शक्ति सुनील सिंह (28) और सुमित आजाद उर्फ ​​बापूरना (25) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि इन सभी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

भाषा शफीक संतोष

संतोष