Breaking News

2020 दिल्ली दंगा: उमर खालिद-शरजील इमाम को झटका, जमानत अर्जी खारिज     |   अहमदाबाद में CG Semi OSAT फैसिलिटी पहुंचे PM मोदी, उद्घाटन के बाद जनसभा को करेंगे संबोधित     |   तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा फेरबदल, AIADMK छोड़ TVK में पहुंचे पूर्व मंत्री वैगैचेल्वन     |   समस्तीपुर में बड़ा हादसा, गंगा नदी पर बन रहे पुल का स्लैब गिरा, 4 मजदूर घायल     |   मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |  

प्रस्तावित आरक्षित क्षेत्र में लौह अयस्क के परिवहन पर ग्रामीणों और वन अधिकारियों के बीच झड़प

पणजी, छह जून (भाषा) गोवा के कुशावती जिले में शनिवार को एक प्रस्तावित आरक्षित क्षेत्र से लौह अयस्क के परिवहन को लेकर ग्रामीणों के एक समूह की वन विभाग के अधिकारियों के साथ कथित तौर पर झड़प हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब वन अधिकारियों ने कोलम्ब के ग्रामीणों के एक बड़े समूह को वन क्षेत्र में लौह अयस्क का परिवहन करने से रोका।

पुलिस ने कहा, ‘‘दोनों समूहों के बीच मामूली झगड़ा हुआ था, लेकिन स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया।’’

वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लौह अयस्क प्रस्तावित आरक्षित वन क्षेत्र में पड़ा हुआ है और वैध नीलामी के बिना उसे वहां से हटाने की अनुमति नहीं है।

ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे राज्य नदी नौवहन विभाग के मंत्री सुभाष फल देसाई ने कहा कि लौह अयस्क के ढेर से मिट्टी को पास के ही एक स्थान पर ले जाया जा रहा था।

मंत्री ने कहा, ‘‘अयस्क को बेचने के उद्देश्य से इसका परिवहन नहीं किया जा रहा था। खेल का मैदान बनाने के लिए एक जगह को भरने के उद्देश्य से अयस्क को ले जाया जा रहा था।’’

उन्होंने दावा किया कि स्थानीय युवाओं के पास खेल का मैदान नहीं है, क्योंकि जिस स्थान पर वे पहले खेलते थे, वहां अयस्क का ढेर लगा दिया गया है।

देसाई ने कहा, ‘‘यह केवल उसी क्षेत्र के भीतर अयस्क को एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने का मामला था। वन विभाग के लिए इसे मुद्दा बनाने का कोई कारण नहीं था।’’

भाषा

प्रचेता सुरेश

सुरेश