नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से शनिवार को शाम छह बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :-
अर्थ6 लीड मोदी ईएसी बैठक
प्रधानमंत्री ने वैश्विक अस्थिरता के बीच आर्थिक वृद्धि पर ईएसी के साथ की चर्चा
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को 'प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद' (ईएसी-पीएम) के सदस्यों के साथ बैठक कर वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत की आर्थिक वृद्धि को तेज करने के उपायों पर चर्चा की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
दि16 दिल्ली सीजेपी दूसरीलीड प्रदर्शन
आप हमारे सोशल मीडिया पोस्ट हटा सकते हैं, हमें नहीं: सीजेपी संस्थापक दीपके
नयी दिल्ली : ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार उनकी मांगों को पूरा करने के बजाय संगठन की सोशल मीडिया गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। सीजेपी की मांगों में परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देना भी शामिल है।
दि20 कांग्रेस लीड ओएसएम
प्रधान का पद पर बने रहना लाखों छात्रों और उनके परिवारों का अपमान: कांग्रेस
नयी दिल्ली, कांग्रेस ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर शनिवार को कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पद पर बने रहना सत्ता के लिए उनकी ‘‘निर्लज्ज लालसा’’ का परिचायक तथा लाखों छात्रों और उनके परिवारों का अपमान है।
प्रादे59 पंजाब दुर्घटना लीड मौत
पंजाब : फिरोजपुर में पिकअप वाहन और ट्रक की टक्कर में नौ लोगों की मौत
फिरोजपुर, पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार को एक पिकअप वाहन की ट्रक से टक्कर हो जाने के कारण नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
प्रादे35 बंगाल वैष्णव
अगले पांच वर्ष में कोलकाता मेट्रो के लिए नयी पीढ़ी की 60 ट्रेन शुरू की जाएंगी : वैष्णव
कोलकाता : केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को घोषणा की कि अगले पांच वर्ष में कोलकाता मेट्रो के लिए नयी पीढ़ी की 60 ट्रेन शुरू की जाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल की रेलवे परियोजनाओं को नयी गति मिलेगी।
प्रादे87 महाराष्ट्र चुनाव सुले
राकांपा (शप) सांसद सुप्रिया सुले चुनाव में खरीद-फरोख्त रोकने के लिए संसद में विधेयक पेश करेंगी
पुणे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) की सांसद सुप्रिया सुले ने शनिवार को कहा कि वह खरीद-फरोख्त के आरोपों के मद्देनजर चुनाव में अधिक पारदर्शिता की मांग करते हुए संसद में एक विधेयक पेश करेंगी।
प्रादे76 केरल बारिश
केरल में भारी बारिश से जलभराव, पांच जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी
तिरुवनंतपुरम, केरल के विभिन्न हिस्सों में रात भर हुई भारी बारिश शनिवार सुबह भी जारी रही, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं, पेड़ उखड़ गए, घरों को नुकसान पहुंचा और राज्य के कुछ हिस्सों में सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
प्रादे7 कर्नाटक मुख्यमंत्री मंत्री इस्तीफा
मंत्री रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफे का मुद्दा सुलझा लिया गया है : मुख्यमंत्री शिवकुमार
बेंगलुरु : कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार सुबह कहा कि विभागों के बंटवारे को लेकर मंत्री रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफे से उत्पन्न संकट उनके साथ लंबी बातचीत के बाद सुलझा लिया गया है।
वि16 रूस पुतिन भारत
मोदी के नेतृत्व के दौरान भारत को प्रतिबंधों की धमकी उल्टी पड़ेगी: पुतिन
सेंट पीटर्सबर्ग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के दौरान “प्रतिबंधों की धमकियों” से भारत की संप्रभुता को कमजोर करने की कोई भी कोशिश “तुरंत उल्टी पड़ेगी”।
अर्थ1 जीडीपी वृद्धि प्रतिक्रिया
पश्चिम एशिया संकट, महंगाई से चालू वित्त वर्ष में जीडीपी वृद्धि पर दबावः विशेषज्ञ
नयी दिल्ली : भारतीय अर्थव्यवस्था ने वित्त वर्ष 2025-26 में भले ही उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 7.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है लेकिन अर्थशास्त्रियों ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, ऊंची ऊर्जा कीमतों और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण चालू वित्त वर्ष में वृद्धि दर धीमी पड़ने को लेकर आगाह किया है।
खेल4 खेल शतरंज लीड भारत
प्रज्ञानानंदा ने रचा इतिहास, नार्वे शतरंज का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने
ओस्लो, ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा इतिहास रचते हुए अंतिम दौर में जर्मनी के विन्सेंट कीमर को हराकर प्रतिष्ठित नार्वे शतरंज का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए।
खेल30 खेल लीड भारत
गिल और राहुल के शतक, भारत ने तीन विकेट पर 368 रन बनाए
मुल्लांपुर, कप्तान शुभमन गिल और सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल के शतक से भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन शनिवार को यहां तीन विकेट पर 368 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की।
‘द कन्वरसेशन’ से अनुबंध के तहत जारी खबरें :
वि17 एआई संचार
लोग बिना बताए संचार के लिए कर रहे एआई का इस्तेमाल, लेकिन क्या यह नैतिक रूप से गलत है?
सिडनी, कल्पना कीजिए कि आपने किसी बैठक के दौरान अपनी पुस्तिका में दर्ज किये गये नोट्स को व्यवस्थित करने के लिए चैटजीपीटी जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) उपकरण का इस्तेमाल किया है। आपका सहकर्मी टिप्पणी करता है कि ये नोट्स कितने स्पष्ट हैं जबकि आप यह नहीं बताते कि इन नोट्स को बेहतर बनाने का काम आपने नहीं, बल्कि एआई ने किया है।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप