Breaking News

2020 दिल्ली दंगा: उमर खालिद-शरजील इमाम को झटका, जमानत अर्जी खारिज     |   अहमदाबाद में CG Semi OSAT फैसिलिटी पहुंचे PM मोदी, उद्घाटन के बाद जनसभा को करेंगे संबोधित     |   तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा फेरबदल, AIADMK छोड़ TVK में पहुंचे पूर्व मंत्री वैगैचेल्वन     |   समस्तीपुर में बड़ा हादसा, गंगा नदी पर बन रहे पुल का स्लैब गिरा, 4 मजदूर घायल     |   मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |  

उम्मीद करता हूं कि सूर्यकुमार को आराम दिया गया है: एमएसके प्रसाद

नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से सूर्यकुमार यादव को हटाए जाने से पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद हैरान हैं और उनका मानना ​​है कि विश्व कप जीतने वाली टीम के इस कप्तान को जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की तरह ही आराम दिया गया है।

राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने शनिवार को आयरलैंड और इंग्लैंड के जून-जुलाई में होने वाले दौरे और सितंबर-अक्टूबर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में सूर्यकुमार की जगह श्रेयस अय्यर को कप्तान नियुक्त किया है।

कप्तानी और टीम में जगह गंवाने के बाद सूर्यकुमार का करियर मुश्किल दौर में है।

प्रसाद ने पीटीआई से कहा, ‘‘आप विश्व कप जीतने वाले कप्तान को इस तरह नहीं हटा सकते और वह भी अगले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या को आराम दिया गया है। मुझे यकीन है कि सूर्या को भी आराम दिया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह इतने अच्छे और बड़े खिलाड़ी हैं कि उन्हें हटाया नहीं जा सकता।'

प्रसाद ने कहा कि आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियन्स के लिए मुश्किल अभियान के बाद सूर्यकुमार, बुमराह और पंड्या जैसे मुख्य खिलाड़ियों को आराम देना बुरा विचार नहीं है।

बुमराह और पंड्या दोनों ही आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं।

प्रसाद ने कहा, ‘‘चयनकर्ताओं ने तीनों को आराम दिया है। यह देखना दिलचस्प है कि सूर्यकुमार, हार्दिक और बुमराह लंबे समय तक आईसीसी रैंकिंग में नंबर एक खिलाड़ी रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बुमराह अब भी नंबर एक हैं इसलिए तीनों को आराम देने में कोई हर्ज नहीं है। मुझे यकीन है कि वे सभी जल्द ही टीम में वापसी करेंगे।’’

प्रसाद ने साथ ही कहा कि हाल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरा आईपीएल खिताब दिलाने वाले रजत पाटीदार को भी टीम में चुना जाना चाहिए था।

सिर्फ 15 साल की उम्र में सीनियर टीम के लिए चुने जाने पर सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी बनने पर वैभव सूर्यवंशी के बारे में प्रसाद ने कहा, ‘‘मैं उसके लिए बहुत खुश और उत्साहित हूं। वह बहुत ही असाधारण प्रतिभा वाला खिलाड़ी है। चयनकर्ताओं ने इसे पहचाना और उसे मौका दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि वह खेलते हुए दिखेगा और हर कोई उसे सबसे ऊंचे स्तर पर बल्लेबाजी करते हुए और खेलते हुए देखना चाहता है।’’

भाषा सुधीर नमिता

नमिता