Breaking News

2020 दिल्ली दंगा: उमर खालिद-शरजील इमाम को झटका, जमानत अर्जी खारिज     |   अहमदाबाद में CG Semi OSAT फैसिलिटी पहुंचे PM मोदी, उद्घाटन के बाद जनसभा को करेंगे संबोधित     |   तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा फेरबदल, AIADMK छोड़ TVK में पहुंचे पूर्व मंत्री वैगैचेल्वन     |   समस्तीपुर में बड़ा हादसा, गंगा नदी पर बन रहे पुल का स्लैब गिरा, 4 मजदूर घायल     |   मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |  

भाकपा ने एनी राजा, अन्य नेताओं पर आरएसएस के कथित हमले की निंदा की

तिरुवनंतपुरम, छह जून (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एनी राजा और अन्य नेताओं पर आरएसएस द्वारा कथित हमले की निंदा की और विरोध में केरल भर में शाखा स्तर के प्रदर्शनों का आह्वान किया।

एक बयान में, विश्वम ने कहा कि कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ एकजुटता व्यक्त करने के दौरान एनी, नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन वीमन (एनएफआईडब्ल्यू) की महासचिव निशा सिद्धू और अन्य नेताओं पर हुआ हमला चौंकाने वाला था।

विश्वम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा घोटाले के आरोपों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय विरोध प्रदर्शनों को दबाने की कोशिश कर रही है और कहा कि जनता ऐसे कृत्यों को माफ नहीं करेगी।

बयान में कहा गया है कि उन्होंने भाकपा की सभी शाखाओं से एनी राजा, निशा सिद्धू और अन्य कार्यकर्ताओं पर हुए कथित हमले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का आग्रह किया।

यह घटना कथित तौर पर नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई, जहां सैकड़ों छात्र और युवा पेशेवर परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही की मांग करते हुए एकत्र हुए थे।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप