Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

केरल सरकार ने हाई-स्पीड रेल प्रस्ताव पर विचार करने के लिए विशेषज्ञ समिति गठित की

तिरुवनंतपुरम, छह जून (भाषा) केरल सरकार ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक हाई-स्पीड रेलवे कॉरिडोर बनाने के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए एक विशेषज्ञ समिति गठित की है।

परिवहन विभाग द्वारा जारी सरकारी आदेश के अनुसार, डीएमआरसी ने प्रस्तावित केरल हाई-स्पीड रेल परियोजना पर एक अंतरिम रिपोर्ट तैयार करके सरकार को सौंपी है। इस परियोजना के तहत तिरुवनंतपुरम और कन्नूर को जोड़ने वाला 473.20 किलोमीटर लंबा ‘स्टैंडर्ड-गेज’ रेल कॉरिडोर बनाया जाना है।

चार सदस्यीय विशेषज्ञ समिति की अध्यक्षता परिवहन (रेलवे) विभाग के सचिव करेंगे। समिति में रेलवे विशेषज्ञ जे. विजयन, वित्त विशेषज्ञ सी. वीरामणि और पर्यावरण विशेषज्ञ श्रीधर राधाकृष्णन शामिल हैं।

सरकार ने मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी एन.एस.के उमेश को भी समिति के कामकाज में सहायता करने का निर्देश दिया है।

समिति को परियोजना की व्यापक समीक्षा करने का दायित्व सौंपा गया है। इसमें तकनीकी व्यवहार्यता, वित्तीय खर्च, पर्यावरणीय प्रभाव, कार्यान्वयन की चुनौतियां और राज्य को मिलने वाले संभावित सामाजिक-आर्थिक लाभों का अध्ययन शामिल होगा।

सरकार ने समिति से तीन सप्ताह में अपनी टिप्पणियां और सिफारिशें प्रस्तुत करने को कहा है।

इस विशेषज्ञ समिति का गठन हाल ही में ‘मेट्रो मैन’ ई श्रीधरन और मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के बीच राज्य में प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को लेकर हुई चर्चाओं के बाद किया गया।

इससे पहले, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ने पूर्ववर्ती वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार द्वारा प्रस्तावित विवादास्पद सिल्वरलाइन परियोजना को रद्द कर दिया था।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल