नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से शनिवार को अपराह्न दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :-
दि16 दिल्ली सीजेपी दूसरीलीड प्रदर्शन
आप हमारे सोशल मीडिया पोस्ट हटा सकते हैं, हमें नहीं: सीजेपी संस्थापक दीपके
नयी दिल्ली : ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार उनकी मांगों को पूरा करने के बजाय संगठन की सोशल मीडिया गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। सीजेपी की मांगों में परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देना भी शामिल है।
दि10 कांग्रेस ओएसएम
प्रधान का पद पर बने रहना सत्ता की उनकी ‘निर्लज्ज लालसा’ को दर्शाता है: कांग्रेस
नयी दिल्ली : कांग्रेस ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर शनिवार को दावा किया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पद पर बने रहना सत्ता की उनकी ‘‘निर्लज्ज लालसा’’ को दर्शता है।
प्रादे37 तमिलनाडु टीवीके अन्नाद्रमुक पूर्व मंत्री
अन्नाद्रमुक के चार पूर्व विधायक टीवीके में शामिल हुए
चेन्नई : ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) पार्टी से चार पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक टीवीके के चेन्नई स्थित मुख्यालय में शनिवार को सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हो गए जो गंभीर आंतरिक संकट का सामना कर रही अन्नाद्रमुक के लिए एक और झटका है।
प्रादे35 बंगाल वैष्णव
अगले पांच वर्ष में कोलकाता मेट्रो के लिए नयी पीढ़ी की 60 ट्रेन शुरू की जाएंगी : वैष्णव
कोलकाता : केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को घोषणा की कि अगले पांच वर्ष में कोलकाता मेट्रो के लिए नयी पीढ़ी की 60 ट्रेन शुरू की जाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल की रेलवे परियोजनाओं को नयी गति मिलेगी।
प्रादे7 कर्नाटक मुख्यमंत्री मंत्री इस्तीफा
मंत्री रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफे का मुद्दा सुलझा लिया गया है : मुख्यमंत्री शिवकुमार
बेंगलुरु : कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार सुबह कहा कि विभागों के बंटवारे को लेकर मंत्री रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफे से उत्पन्न संकट उनके साथ लंबी बातचीत के बाद सुलझा लिया गया है।
अर्थ1 जीडीपी वृद्धि प्रतिक्रिया
पश्चिम एशिया संकट, महंगाई से चालू वित्त वर्ष में जीडीपी वृद्धि पर दबावः विशेषज्ञ
नयी दिल्ली : भारतीय अर्थव्यवस्था ने वित्त वर्ष 2025-26 में भले ही उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 7.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है लेकिन अर्थशास्त्रियों ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, ऊंची ऊर्जा कीमतों और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण चालू वित्त वर्ष में वृद्धि दर धीमी पड़ने को लेकर आगाह किया है।
खेल18 खेल भारत टीम
सूर्यकुमार की जगह श्रेयस बने टी20 कप्तान, सूर्यवंशी को मौका
मुंबई : भारतीय टी20 क्रिकेट में शनिवार को बदलाव की नई बयार देखने को मिली जब श्रेयस अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह राष्ट्रीय टी20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया तो वहीं युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया।
खेल4 खेल शतरंज लीड भारत
प्रज्ञानानंदा ने रचा इतिहास, नार्वे शतरंज का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने
ओस्लो : ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा इतिहास रचते हुए अंतिम दौर में जर्मनी के विन्सेंट कीमर को हराकर प्रतिष्ठित नार्वे शतरंज का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए।
वि11 अमेरिकी ग्रीन कार्ड नरमी
उद्योग जगत के दबाव के बाद ग्रीन कार्ड नीति पर नरम पड़ा ट्रंप प्रशासन: रिपोर्ट
वाशिंगटन : उद्योग जगत से जुड़े लोगों द्वारा ग्रीन कार्ड संबंधी नयी नीति को लेकर अमेरिकी सरकार पर बनाए गए जोरदार दबाव के बाद इस मुद्दे पर प्रशासन का रुख कुछ नरम पड़ा है। आव्रजन मामलों से जुड़े अधिकारियों ने उद्योग जगत के दिग्गजों को आश्वस्त किया है कि अधिकांश कार्य वीजा इस नीति से प्रभावित नहीं होंगे। यह जानकारी ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ की एक रिपोर्ट में दी गई है।
वि5 संरा भारत कश्मीर
सुरक्षा परिषद की सदस्यता बड़ी जिम्मेदारी है, न कि पक्षपातपूर्ण और झूठे विमर्श को फैलाने का मंच: भारत
संयुक्त राष्ट्र : भारत ने संयुक्त राष्ट्र में जम्मू कश्मीर का ‘‘अनुचित उल्लेख’’ करने के लिए पाकिस्तान की कड़ी निंदा की है और वैश्विक निकाय के वर्तमान अस्थायी सदस्य से कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की अस्थायी सदस्यता एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है, न कि यह ‘‘पक्षपातपूर्ण और झूठे विमर्श’’ को फैलाने का मंच है।
भाषा सुरभि नेत्रपाल
नेत्रपाल