कोलकाता, पांच जून (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने भांगर विस्फोट मामले के मुख्य संदिग्ध एवं तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
एनआईए ने मोल्ला को 'फरार' घोषित किए जाने के कुछ घंटों बाद यह कार्रवाई की।
दक्षिण 24 परगना जिले के दक्षिण बामुनिया गांव में 19 मार्च को हुए एक बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उस स्थान पर कथित तौर पर बम बनाए जा रहे थे।
एनआईए के अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, 'भांगर बम विस्फोट मामले की जांच के तहत हमने शौकत मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।'
तृणमूल नेता की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर चार हो गई है।
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष