Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

तृणमूल नेता स्वरूप बिस्वास की गिरफ्तारी के बाद कोलकाता के प्रमुख दुर्गा पूजा क्लब में बवाल

कोलकाता, पांच जून (भाषा) दक्षिण कोलकाता के न्यू अलीपुर इलाके में शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर एक प्रमुख दुर्गा पूजा क्लब में तोड़फोड़ की जिससे इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया। यह क्लब पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास और उनके भाई स्वरूप से जुड़ा हुआ है।

यह घटना स्वरूप की गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निवासी सुरुचि संघ क्लब के बाहर जमा हो गए और ताले तोड़कर इमारत में प्रवेश कर गए।

प्रदर्शनकारियों का दावा है कि क्लब के भीतर जो कुछ उन्होंने देखा, उससे वे हैरान रह गए। उनके अनुसार, ऊपरी मंजिल पर एक कमरा मिला, जिसमें विशाल पलंग, एयर कंडीशनिंग की व्यवस्था और अन्य आलीशान सुविधाएं मौजूद थीं।

परिसर के बाहर मौजूद एक स्थानीय निवासी ने कहा, 'किसी क्लब को इतने विशाल पलंग और ऐसी सुविधाओं की क्या जरूरत है? हमने किसी सामुदायिक क्लब में पहले कभी इस तरह की व्यवस्था नहीं देखी है।'

स्थानीय लोगों के अनुसार, उस कमरे में महंगे फर्नीचर भी मौजूद थे और उससे एक अच्छी तरह से सुसज्जित शौचालय था। कुछ निवासियों ने आरोप लगाया कि हाल ही में कमरे से एक एयर कंडीशनर (एसी) हटाया गया था।

क्लब परिसर के भीतर बड़ी मात्रा में सरकारी ब्रांड वाली बोतलबंद पेयजल की बोतलें और अन्य राहत सामग्री मिलने को लेकर भी सवाल उठाए गए। स्थानीय लोगों ने पूछा कि सामुदायिक क्लब के अंदर इस तरह की सरकारी सामग्री इतनी बड़ी मात्रा में क्यों रखी गई थी।

स्वरूप की गिरफ्तारी ने बंगाली फिल्म उद्योग के कुछ वर्गों के भीतर बिस्वास बंधुओं द्वारा कथित रूप से डाले गए प्रभाव के संबंध में लंबे समय से चले आ रहे आरोपों को फिर से हवा दे दी है।

बंगाली फिल्म उद्योग की एक महिला मेकअप आर्टिस्ट की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार रात स्वरूप को गिरफ्तार किया था।

भाषा तान्या माधव

माधव