गुवाहाटी, पांच जून (भाषा) असम मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) को मौजूदा 58 प्रतिशत की दर से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने को मंजूरी दे दी, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगी ।
इससे राज्य सरकार के आठ लाख से अधिक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद हुई उसकी पहली बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने प्रेस वार्ता में कहा कि बढ़ी हुई दरों से राज्य सरकार के कर्मचारियों, पेंशनभोगियों, पारिवारिक पेंशनभोगियों, असाधारण पेंशनभोगियों और अनुकंपा पारिवारिक पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा।
शर्मा ने बताया कि मंत्रिमंडल ने 2026-27 के दौरान हर विधायक के लिए विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास (एमएलएएलएडी) निधि आवंटन को एक करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये करने को भी मंजूरी दी है, जबकि 2027-28 से इसे और बढ़ाकर दो करोड़ रुपये कर दिया जाएगा।
मंत्रिमंडल ने डिब्रूगढ़ को द्वितीय राज्य राजधानी क्षेत्र के रूप में घोषित करने और द्वितीय राज्य राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण डिब्रूगढ़ (एससीआरडीए-डी) के गठन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव