भुवनेश्वर, पांच जून (भाषा) ओडिशा के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को भीषण गर्मी पड़ी, जहां भुवनेश्वर सहित आठ स्थानों पर दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।
पश्चिमी ओडिशा का बौध शहर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संबलपुर में दिन का तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भुवनेश्वर और अंगुल में यह 41.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि छह जून को बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, बारगढ़, संबलपुर, अंगुल, ढेंकनाल, सोनपुर, बौध, बोलांगीर, कालाहांडी, गजपति, गंजम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ में गर्म एवं आर्द्र मौसम रहने की संभावना है।
उसने कहा कि लेकिन बालासोर, क्योंझर, मयूरभंज, नबरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, मल्कानगिरि और गजपति जिलों में बिजली चमकने के साथ बारिश की आशंका है।
मौसम कार्यालय ने शनिवार के लिए भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, सुंदरगढ़, अंगुल, ढेंकनाल, बौध, कालाहांडी, कंधमाल, गंजम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' (सावधान रहें) जारी किया है।
उसने कहा कि राज्य में अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
भाषा तान्या राजकुमार
राजकुमार