Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

उप्र: अयोध्या में आधुनिक आतिथ्य का बेहतरीन उदाहरण बनेगा अति विशिष्ट अतिथि गृह

अयोध्या, पांच जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम कथा पार्क के निकट एक भव्य और अत्याधुनिक अति विशिष्ट अतिथि गृह का निर्माण कार्य तेजी से जारी है।

अधिकारियों के अनुसार, यह परिसर धार्मिक पर्यटन के साथ आधुनिक आतिथ्य सुविधाओं का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।

राज्य सम्पत्ति विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना की लागत 93.75 करोड़ रुपये है और इसके नवंबर 2027 तक पूरा होने की संभावना है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 14,510 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस परिसर में कई आधुनिक ब्लॉक शामिल हैं।

लोक निर्माण विभाग (सीडी-दो) के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने बताया कि मुख्यमंत्री ब्लॉक में प्लास्टर तथा एमईपी (मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं प्लंबिंग) का कार्य प्रगति पर है जबकि आवासीय ब्लॉक में बेसमेंट स्लैब का निर्माण पूरा हो चुका है।

उन्होंने बताया कि परियोजना में मुख्यमंत्री ब्लॉक, आवासीय ब्लॉक, डॉर्मिटरी ब्लॉक और सर्विस ब्लॉक सहित वीवीआईपी आवास की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, परिसर में पार्किंग, सेंट्रल लॉन, फव्वारा, हरित क्षेत्र तथा सुरक्षा की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि यह अतिथि गृह राम मंदिर आने वाले विशिष्ट अतिथियों और उच्च पदाधिकारियों के लिए उपयोगी होगा तथा अयोध्या की आतिथ्य क्षमता को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने हाल ही में परियोजना का निरीक्षण किया था।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान एजेंसी को गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

भाषा जफर जितेंद्र

जितेंद्र