जयपुर, पांच जून (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार बुजुर्गों के कल्याण एवं धार्मिक पर्यटन को विकसित करने के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यहां दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से सोमनाथ यात्रा पर जा रही ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने ट्रेन में तीर्थ यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं भी दी।
इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के साथ ही द्वारका एवं नागेश्वर के भी दर्शन करवाए जाएंगे।
शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना बुजुर्गों की तीर्थाटन की मनोकामना को पूरा करने का माध्यम बन रही है।
इस योजना के माध्यम से एक लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने कहा, “डबल इंजन’ सरकार राज्य के आस्था धामों का प्रतिबद्धता के साथ विकास कर रही है। पुष्कर, खाटूश्यामजी, नाथद्वारा, केशोरायपाटन सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं आस्था केन्द्रों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दृष्टिगत उल्लेखनीय विकास कार्य किए जा रहे हैं।”
इस अवसर पर देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत तीर्थ यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी करने के साथ ही वातानुकूलित ट्रेन की सुविधा शुरू की गई है।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र