नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) भारत ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूएनआईएफआईएल) पर हुए हमले की निंदा की है और इसमें जान गंवाने वाले सर्बियाई शांतिसैनिक को श्रद्धांजलि भी दी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में एक सवाल के जवाब में यूएनआईएफआईएल पर हुए हमले को निंदनीय बताया।
उनसे पूछा गया कि क्या नयी दिल्ली इस हमले को लेकर चिंतित है, क्योंकि भारत लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना का एक सदस्य है।
लेबनान में तैनात सर्बियाई शांति सैनिक की बृहस्पतिवार तड़के दक्षिण-पूर्वी लेबनान के मरजायौन के पास मोर्टार हमले में मौत हो गई।
संयुक्त राष्ट्र द्वारा चार जून को जारी एक बयान के अनुसार, इस घटना में दो अन्य शांतिसैनिक घायल हो गए।
यह स्पष्ट नहीं है कि गोलाबारी कहां से शुरू हुई, लेकिन यह घटनाक्रम दक्षिणी लेबनान में इजराइली सेना और हिजबुल्ला लड़ाकों के बीच बढ़ती गोलीबारी के बीच हुआ है।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव